लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र के मुन्नूखेड़ा में बेखौफ बदमाश ने पैदल जा रही एक महिला की चेन लूट ली। बताया जा रहा है कि महिला स्कूल से अपने बच्चे को लेने जा रही थी। इसी दौरान बदमाश ने उसका पीछा किया और मौका पाकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
चेन लूट की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता है। मामला पारा थाना क्षेत्र की हंसखेड़ा पुलिस चौकी क्षेत्र का बताया जा रहा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाश की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने के लिए टीमों को लगाया गया है।









