गोरखपुर। गीडा थाना क्षेत्र के दवहिया टोल में पारिवारिक विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपने ही पुत्र पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही गीडा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घटना के संबंध में घायल के भाई की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर गीडा थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मामले में आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
पूरे घटनाक्रम की जानकारी क्षेत्राधिकारी गीडा आभा सिंह ने वीडियो बाइट के माध्यम से दी है। पुलिस घटना के कारणों और विवाद से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।









