मोबाइल से वीडियो बनाने के विरोध पर मारपीट का आरोप, मंगलसूत्र गायब होने का भी दावा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। थाना क्षेत्र के कुसम्हा टोला चकिया गांव में एक महिला ने गांव के ही युवक पर मोबाइल से उसका और उसकी दो बेटियों का वीडियो बनाने तथा विरोध करने पर गाली-गलौज व मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि मारपीट के दौरान उसका मंगलसूत्र भी कहीं गिर गया। मामले में तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर धारा 151 के तहत चालान किया था, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया।

पीड़िता की मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 4 सितंबर की शाम करीब पांच बजे उसकी दो बेटियां गांव के पश्चिम की ओर गई थीं। आरोप है कि वहां गांव का ही एक युवक शीशम के पेड़ पर बैठकर मोबाइल से दोनों का वीडियो बना रहा था। महिला के अनुसार, जब उसने इसका विरोध करते हुए युवक से पूछताछ की तो उसने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करते हुए उसे खड़ंजे पर घसीटा। पीड़िता का कहना है कि इसी दौरान उसका मंगलसूत्र कहीं गिर गया।

घटना के बाद महिला ने 112 नंबर पर सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता के अनुसार, बरसात के कारण वह उसी शाम थाने नहीं जा सकी और अगले दिन 5 सितंबर को लिखित तहरीर दी।
पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई कर उसे छोड़ दिया। इसके बाद आरोपी कथित रूप से उनके घर के रास्ते में खड़ा होकर धमकी देता है। इससे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।

महिला का कहना है कि घटना की जांच करीब तीन सप्ताह से चल रही है, लेकिन अभी तक मामले में आगे की कार्रवाई नहीं हुई है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

इस संबंध में सीओ खड्डा अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था, वह इसे दिखवाएंगे। वहीं थाना प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]