शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन में एमजीएम के मेधावियों को किया गया सम्मानित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। भिटौली सदर तहसील क्षेत्र के गंगराई स्थित एमजीएम इंटर कॉलेज में शनिवार को शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन और सर्वांगीण विकास को लेकर शिक्षकों एवं अभिभावकों के बीच संवाद किया गया। इस दौरान त्रैमासिक परीक्षा में प्रत्येक कक्षा के टॉप-5 छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर मेधावी विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक मो. अफसर अली ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी छात्र की सफलता के पीछे उसके अभिभावकों और शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विद्यार्थी यदि लगन, मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई करता है तो उसे घर और विद्यालय दोनों जगह से प्रोत्साहन तथा उचित मार्गदर्शन मिलता है। यही विद्यार्थी आगे चलकर अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करते हैं।

प्रबंधक ने कहा कि विद्यालय शिक्षा का मंदिर है, जहां शिक्षक सभी बच्चों को समान रूप से शिक्षा प्रदान करते हुए उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक और अभिभावक यदि आपसी समन्वय के साथ बच्चों की पढ़ाई और उनके सर्वांगीण विकास पर ध्यान दें तो विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर दिशा दी जा सकती है।

सम्मेलन के दौरान अभिभावकों ने भी बच्चों की पढ़ाई और विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर अपने विचार साझा किए। शिक्षकों ने विद्यार्थियों की प्रगति के साथ-साथ उनकी नियमित उपस्थिति, अनुशासन और अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ाने पर जोर दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेंद्र प्रजापति ने त्रैमासिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को आगे भी इसी तरह मेहनत करते रहने के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर श्रीराम पटेल, राम ललित गुप्ता, आसिफ, आशीष, चंद्रकेश्वर, तनवीर सिद्दीकी, अभिषेक चौधरी, पुष्पा चौरसिया, आसमा खातून, सरिता साहनी, अंजली, सहीना, नेहा, सैयदा सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]