एक ही छत के नीचे 25 कंपनियां, कुशीनगर के युवाओं के लिए रोजगार का मौका

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

23 सितंबर को सेमरी सुकरौली में लगेगा वृहद रोजगार मेला, 300 से ज्यादा पदों पर होगा प्राथमिक चयन

कुशीनगर। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में रोजगार पाने का मौका मिलने जा रहा है। जिले में आयोजित होने वाले वृहद रोजगार मेले में एक साथ करीब 20 से 25 कंपनियां अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। विभिन्न कंपनियों में 300 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया प्रस्तावित है। खास बात यह है कि इंटरमीडिएट से लेकर परास्नातक, डिप्लोमा और आईटीआई उत्तीर्ण युवा भी अपनी योग्यता के अनुसार अलग-अलग पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे।

23 सितंबर को नेहरू इंटर कॉलेज, सेमरी सुकरौली परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला सेवायोजन कार्यालय और मॉडल कॅरियर सेंटर कुशीनगर के संयुक्त तत्वावधान में होने वाला यह मेला सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक चलेगा।

सेल्स से लेकर बैंकिंग और डिलीवरी तक नौकरियां

मेले में शामिल होने वाली कंपनियों में टाटा मोटर्स, एलएंडटी फाइनेंस, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, टीवीएस इलेक्ट्रॉनिक्स, जयभारत मारुति, वीवो, उत्कर्ष फाइनेंस बैंक और एलआईसी समेत कई प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल हैं।

कंपनियों की ओर से सेल्स एक्जीक्यूटिव, ब्लॉक ऑफिसर, फील्ड ऑफिसर, सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर, लोन ऑफिसर, डिलीवरी बॉय और ऑपरेटर जैसे पदों पर अभ्यर्थियों का प्राथमिक चयन किया जाएगा।

18 से 35 साल तक के युवा ले सकेंगे हिस्सा

जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि मेले में 18 से 35 वर्ष आयु के अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा और आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार अवसर मिलेगा।

पोर्टल पर पंजीकरण जरूरी

रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को सेवायोजन विभाग के पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण कराना होगा। अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षिक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, फोटो और अपडेटेड बायोडाटा लेकर पहुंचना होगा।

विभाग की ओर से युवाओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय पर आयोजन स्थल पर पहुंचें और अपनी योग्यता के अनुरूप उपलब्ध रोजगार अवसरों के लिए कंपनियों के प्रतिनिधियों से संपर्क करें।

युवाओं को जिले में ही रोजगार तलाशने का अवसर

रोजगार मेले के जरिए युवाओं को अलग-अलग कंपनियों में उपलब्ध नौकरियों की जानकारी एक ही स्थान पर मिल सकेगी। कंपनियों के प्रतिनिधि मौके पर अभ्यर्थियों से बातचीत और प्राथमिक चयन करेंगे। इससे नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को अलग-अलग कंपनियों के कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही मंच पर कई अवसर तलाशने का मौका मिलेगा।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]