महराजगंज। जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार, 19 सितंबर 2026 को तहसील फरेन्दा में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान उपजिलाधिकारी फरेन्दा एवं क्षेत्राधिकारी फरेन्दा सुश्री दीपशिखा वर्मा ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना।
समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास समेत विभिन्न विभागों से संबंधित कई प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। अधिकारियों ने शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान कुछ शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण कराया गया, जिससे फरियादियों को तत्काल राहत मिली।
राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित संयुक्त मामलों के निस्तारण के लिए अधिकारियों ने राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीमें गठित कर मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निष्पक्षता के साथ कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। शिकायतों की गंभीरता से जांच कर वास्तविक स्थिति के आधार पर कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि आमजन की समस्याओं का पारदर्शी, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पुलिस-प्रशासन की प्राथमिकता है।









