वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुरुवार को काशी से ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ का भव्य शुभारंभ हुआ। ललिता घाट से गंगाजल लेकर 500 सेवा यात्री डमरुओं की गूंज और शंखनाद के बीच बाबा काशी विश्वनाथ के दरबार पहुंचे। यहां बाबा विश्वनाथ का गंगाजल से जलाभिषेक किया गया। बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना की।
इसके बाद सेवा यात्री रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सेवा, संकल्प और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विचार रखे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हरी झंडी दिखाकर सेवा यात्रियों को वडनगर के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। यात्रा के रवाना होते ही काशी की सड़कों पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। वाराणसी की सीमा तक विभिन्न स्थानों पर काशीवासियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर सेवा यात्रियों का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्ष की सार्वजनिक जीवन की यात्रा सेवा के संकल्प की यात्रा है। 25 वर्ष पहले एक सामान्य परिवार से निकलकर गुजरात से शुरू हुई यह यात्रा आज पूरे भारत की यात्रा बन चुकी है। उन्होंने कहा कि देश का शायद ही कोई नागरिक ऐसा होगा, जो प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा संकल्प से जुड़ा न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की यात्रा का प्रभाव देश के बदलते गांवों की तस्वीर में साफ दिखाई देता है। आज वही गांव विकास और सफलता की कहानी कह रहे हैं। यह बदलाव सेवा, विकास और जनभागीदारी के संकल्प का परिणाम है।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन को संघर्षों के बीच सफलता की मिसाल बताते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में शिक्षा हासिल करने के बावजूद कोई भी चुनौती उनके संकल्प को रोक नहीं सकी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने ‘वीकेएस’ मंत्र की व्याख्या करते हुए कहा कि ‘वी’ का अर्थ वैलर यानी साहस, ‘के’ का अर्थ पैशन यानी जुनून और ‘एस’ का संबंध 17 सितंबर से है। उन्होंने कहा कि यह मंत्र देशवासियों में सकारात्मक ऊर्जा और संकल्प का संचार कर सकता है।
चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि लोकतंत्र में सकारात्मक सोच और स्वयं को सही दिशा में आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्ति को किसी भी ऊंचाई तक पहुंचा सकता है। सामूहिक सकारात्मक सोच और संकल्प के साथ भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि काशी से वडनगर तक की यह यात्रा केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने वाली यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, संकल्प और संस्कारों को जोड़ने वाली यात्रा है। काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा और वडनगर की संस्कारभूमि इस यात्रा के माध्यम से एक-दूसरे से जुड़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काशी से गहरा आध्यात्मिक जुड़ाव है, वहीं वडनगर उनके जन्म और प्रारंभिक संस्कारों की भूमि है। ऐसे में काशी से वडनगर तक की यह यात्रा विशेष महत्व रखती है। इसके माध्यम से काशी की आस्था, परंपरा और संस्कृति को वडनगर तक ले जाया जा रहा है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि यह यात्रा भारत की सांस्कृतिक एकता और सेवा भावना का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। काशी से निकलकर प्रधानमंत्री की जन्मभूमि वडनगर तक पहुंचने वाली यह यात्रा सेवा और संकल्प की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।
काशी से वडनगर तक जाने वाली यह यात्रा भाजपा के 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का प्रमुख हिस्सा है। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर सेवा और जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। काशी से रवाना हुए सेवा यात्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि वडनगर तक पहुंचकर इस अभियान के संदेश को आगे बढ़ाएंगे।









