डोल मेला में तेज आवाज में डीजे बजाने पर दो संचालकों के खिलाफ केस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के नगर पंचायत छितौनी कस्बे में डोल मेला के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाना दो डीजे संचालकों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने मामले में दो डीजे संचालकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई के बाद डीजे संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।

बताया गया कि 12/13 सितंबर की रात छितौनी कस्बे में दो अखाड़ों की ओर से डोल मेला का आयोजन किया गया था। मेले के दौरान डीजे की तेज आवाज को लेकर निर्धारित नियमों का पालन नहीं किए जाने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, तेज ध्वनि में डीजे बजाने पर ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रावधानों के उल्लंघन का मामला सामने आया।

छितौनी चौकी इंचार्ज एसआई विवेक कुमार तिवारी और एसआई संजीव मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने प्रदीप डीजे के मालिक प्रदीप चौरसिया, निवासी महजिदिया टोला, नगर पंचायत छितौनी तथा हरिओम डीजे के मालिक हरिओम साहनी, निवासी ग्राम बोधीछपरा, थाना हनुमानगंज के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक दोनों के खिलाफ ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम, 2000 सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। केस दर्ज होने के बाद मामले की जांच एसआई अखिलेश कुमार यादव को सौंपी गई है। जांच अधिकारी ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है और मेले के दौरान डीजे की आवाज तथा नियमों के पालन से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

हनुमानगंज थाना प्रभारी दिग्विजय नारायण राय ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। एसआई अखिलेश कुमार यादव नियमानुसार जांच कर रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]