महिला आरोग्य समिति की बैठक में एचपीवी टीकाकरण और पोषण पर जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। पीपीसी पड़रौना के अंतर्गत शहरी क्षेत्र के नेहरूनगर स्थित बुढ़िया माई धर्मशाला में गुरुवार को महिला आरोग्य समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए किशोरियों के एचपीवी टीकाकरण और गर्भवती महिलाओं के उचित पोषण पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में बीएचडब्ल्यू सुमित श्रीवास्तव ने नियमित टीकाकरण, पोषण माह, एचपीवी वैक्सीन, आयुष्मान कार्ड, टीबी तथा जलजनित बीमारियों से बचाव समेत विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने पात्र किशोरियों को समय से एचपीवी वैक्सीन लगवाने के लिए जागरूक किया और इसके महत्व की जानकारी दी।

रेडियो प्रज्ञा एवं स्मार्ट एनजीओ के तत्वावधान में चल रहे ‘सेहत सही लाभ कई’ जागरूकता कार्यक्रम के तहत पोषण माह पर विशेष चर्चा की गई। रेडियो प्रज्ञा के कार्यक्रम नियंत्रक आर.के. भट्ट ने गर्भवती महिलाओं के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार की आवश्यकता बताते हुए कुपोषण से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान बेहतर पोषण मां और बच्चे दोनों के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है।

परिवार और समुदाय को कुपोषण की पहचान तथा उससे बचाव के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में सीडीपीओ शहरी पड़रौना मंजू देवी, स्वास्थ्य विभाग के सुपरवाइजर, एएनएम, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, लाभार्थी और आमजन मौजूद रहे।

रेडियो प्रज्ञा की टीम से प्रबंधक तेज नारायण श्रीवास्तव, कार्यक्रम नियंत्रक आर.के. भट्ट, आरजे अमान और आरजे मोनिका ने भी सहभागिता की। इस दौरान बीएचडब्ल्यू प्रमोद कुमार, एएनएम मानसी, आशा सुमन, आशा पूनम वर्मा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अर्चना देवी, पूनम गुप्ता, रम्भा देवी, माधुरी जायसवाल, कुमारी जया, विजय लक्ष्मी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य, पोषण और जन-जागरूकता से जुड़े संदेश समुदाय तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

साजिद अंसारी पड़रौना

और पढ़ें

[the_ad id="164"]