खड्डा। ‘स्वच्छता ही सेवा है और सेवा ही धर्म’ के संदेश के साथ गुरुवार को गृह नगर खड्डा स्थित काली मंदिर प्रांगण में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय के साथ नगर के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सहभागिता करते हुए मंदिर परिसर में साफ-सफाई की।
इस दौरान विधायक विवेकानंद पांडेय और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। साथ ही लोगों से अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने और स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की गई।
विधायक ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, स्वस्थ एवं सशक्त भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को गति देने के लिए लोगों से स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
अभियान के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ ही अपने गांव, नगर और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में खड्डा नगर के भाजपा के विभिन्न नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।









