दो अलग-अलग स्थानों से पकड़े गए मगरमच्छ, प्राकृतिक आवास में छोड़े गए
बहराइच। जिले में बाढ़ और जलस्तर बढ़ने के बीच वन्यजीवों के रिहाइशी इलाकों में पहुंचने का सिलसिला जारी है। ककरहा रेंज के पैरुवा गांव में एक ग्रामीण के घर में मगरमच्छ घुसने से हड़कंप मच गया। वहीं मोतीपुर रेंज क्षेत्र की घनी आबादी में भी एक मगरमच्छ पहुंच गया। दोनों मामलों में सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू अभियान चलाया।
बताया जा रहा है कि ककरहा रेंज के पैरुवा गांव में मगरमच्छ के घर में घुसने की सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी। मौके पर पहुंची टीम ने स्थिति का जायजा लेने के बाद मगरमच्छ को पकड़ने के लिए पिंजड़ा लगाया। काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ पिंजड़े में आ गया।
इसी तरह मोतीपुर रेंज क्षेत्र में भी आबादी के बीच पहुंचे मगरमच्छ को वन विभाग की टीम ने सुरक्षित पकड़ लिया। दोनों मगरमच्छों को बाद में उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
वन विभाग के अनुसार बाढ़ और जलस्तर बढ़ने के कारण मगरमच्छ प्राकृतिक आवास से भटककर ग्रामीण और रिहाइशी इलाकों में पहुंच सकते हैं। ऐसे में लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
विभाग ने ग्रामीणों से जलमग्न रास्तों, नदी, तालाब और अन्य जल निकायों के आसपास जाने से बचने तथा किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर खुद पकड़ने या उसके करीब जाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की है।
रिपोर्ट: अनिरुद्ध मिश्रा
लोकेशन: बहराइच, उत्तर प्रदेश









