समान नागरिक संहिता पर JDU का ‘वेट एंड वॉच’ रुख, ड्राफ्ट सामने आने के बाद तय होगा अंतिम स्टैंड

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पटना। समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने फिलहाल ‘वेट एंड वॉच’ की नीति अपनाई है। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी का कहना है कि UCC का वास्तविक ड्राफ्ट और उसके प्रावधान अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं। ऐसे में पार्टी किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले प्रस्तावित प्रावधानों का अध्ययन करेगी।

विजय कुमार चौधरी के मुताबिक ड्राफ्ट सामने आने और उसके प्रावधानों की जानकारी होने के बाद ही JDU इस मुद्दे पर अपना अंतिम रुख तय करेगी। उन्होंने कहा कि यदि प्रस्तावित कानून में बिहार या किसी विशेष वर्ग से संबंधित ऐसी कोई व्यवस्था सामने आती है, जिस पर आपत्ति हो, तो पार्टी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बातचीत कर उस मुद्दे को दूर कराने का प्रयास करेगी।

JDU की ओर से लंबे समय से यह कहा जाता रहा है कि UCC जैसे संवेदनशील विषय पर सभी धार्मिक और सामाजिक समुदायों को विश्वास में लिया जाना चाहिए। पार्टी का मत रहा है कि ऐसे कानून को थोपने के बजाय व्यापक विचार-विमर्श और सर्वसम्मति के आधार पर आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

JDU नेताओं का यह भी कहना है कि समान नागरिक संहिता जैसे महत्वपूर्ण विषय का इस्तेमाल राजनीतिक ध्रुवीकरण के लिए नहीं होना चाहिए। पार्टी का जोर संवाद और सभी पक्षों की सहमति पर रहा है।

फिलहाल UCC को लेकर JDU ने अपने अंतिम रुख को ड्राफ्ट के प्रावधानों से जोड़कर रखा है। आने वाले समय में ड्राफ्ट के सामने आने के बाद पार्टी की स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

रिपोर्ट: रमण कुमार
लोकेशन: पटना

और पढ़ें

[the_ad id="164"]