महराजगंज। नगर पालिका परिषद महराजगंज की अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल की अध्यक्षता में मंगलवार को “स्वच्छता ही सेवा-2026” अभियान को लेकर महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले एक माह के विशेष स्वच्छता अभियान की तैयारियों पर चर्चा की गई। अभियान के दौरान नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर नगर का निर्माण केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि घरों और दुकानों से निकलने वाले कूड़े को सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें और नगर पालिका की कूड़ा संग्रहण व्यवस्था में सहयोग करें। लोगों को गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने के लिए भी जागरूक किया जाएगा।
अभियान के तहत नगर के विभिन्न वार्डों, प्रमुख मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाएगी और आवश्यकता के अनुसार सफाई कर्मियों की टीमों को सक्रिय किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य नगर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के साथ ही जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
जिला प्रबंधक अधिकारी चंद्र प्रकाश गौतम ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए विभागीय टीमों के साथ आमजन की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। प्रोजेक्ट एनालिस्ट अभय कुमार गुप्ता ने कूड़ा पृथक्करण और नियमित कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत करने को प्राथमिकता बताया।
सभासद अमितेश गुप्ता ने कहा कि वार्ड स्तर पर जनप्रतिनिधि और नगरवासी मिलकर अभियान को जन-जन तक पहुंचाएंगे। सभासद सदरे आलम ने भी स्वच्छता को सभी की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार मिश्रा, प्रधान लिपिक बैकुंठनाथ यादव, सभासद ऋषिकेश पटेल, गोरख गुप्ता, राणा पटेल, शेषमणि पटेल, मुरारी लाल निगम, सभासद प्रतिनिधि राजू पासवान, विश्वकर्मा पटेल, रामाश्रय सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद रहे।









