लक्ष्मीपुर/अड्डा बाजार। उमस भरी गर्मी के बीच अघोषित विद्युत कटौती और अनियमित आपूर्ति से आमजन परेशान हैं। बार-बार बिजली कटने और घंटों तक आपूर्ति बाधित रहने को लेकर लोगों में विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि बिजली कटौती का कोई निश्चित समय निर्धारित नहीं होने से रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं।
इस समस्या को लेकर पूर्व महासचिव प्रधान संघ लक्ष्मीपुर, समाजसेवी एवं भावी जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी मोहम्मद अखलद कासमी ने विद्युत विभाग के रवैये पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार अघोषित और अनियमित बिजली कटौती की जा रही है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यदि जल्द विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा।
मोहम्मद अखलद ने कहा कि प्रस्तावित आंदोलन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मांग की कि क्षेत्र में निर्बाध और निर्धारित व्यवस्था के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को गर्मी में राहत मिल सके।
उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अनियमित विद्युत आपूर्ति को लेकर जनता में काफी आक्रोश है। विभाग को इस समस्या का शीघ्र समाधान निकालना चाहिए। वहीं समाजसेवी यूनुस खान ने भी विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग करते हुए जन आंदोलन में साथ देने की बात कही।
इस संबंध में जेई शशिकांत वर्मा ने बताया कि विद्युत कटौती ऊपर से की जा रही है। बिजली आपूर्ति के लिए संबंधित अधिकारी जिम्मेदार हैं और उपलब्ध आपूर्ति के अनुसार क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की जा रही है।









