मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत भिटौली पुलिस का जागरूकता अभियान, महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा और अधिकारों की दी जानकारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज 5.0 (द्वितीय चरण) के तहत मंगलवार, 15 सितंबर 2026 को थाना भिटौली पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया। मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम ने क्षेत्र में भ्रमण कर विभिन्न स्थानों पर महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों को एकत्रित कर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।

उप-निरीक्षक कृष्णानंद तिवारी, महिला आरक्षी चन्दा पाल और महिला आरक्षी पूजा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। पुलिस टीम ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सखी वन स्टॉप सेंटर, पॉक्सो एक्ट और मिशन शक्ति सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर इनके उद्देश्य और उपयोगिता के बारे में जागरूक किया।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने बाल विवाह, दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया। उन्हें ऐसी परिस्थितियों में चुप न रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस और संबंधित विभागों से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। जागरूकता के लिए लोगों को पंपलेट भी वितरित किए गए।

पुलिस टीम ने आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए महिला पावर लाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपात सेवा 112 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से इन हेल्पलाइन नंबरों का आवश्यकता पड़ने पर उपयोग करने की अपील की। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना रहा।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]