पटना। बिहार राज्य फसल सहायता योजना के तहत खरीफ 2024 मौसम में फसल नुकसान झेलने वाले किसानों को सरकार ने बड़ी राहत दी है। सहकारिता विभाग के मंत्री राम कृपाल यादव ने लाभुक किसानों के लिए सहायता राशि का वितरण किया। योजना के तहत कुल 1 लाख 17 हजार 708 किसानों को 1 अरब 4 करोड़ 46 लाख 46 हजार 405 रुपये की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी गई।
मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि खरीफ 2024 में जिन किसानों की फसल को नुकसान हुआ था, उन्हें बिहार राज्य फसल सहायता योजना के तहत आर्थिक मदद दी गई है। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य फसल की उपज में कमी आने पर किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि यह योजना पूरी तरह राज्य सरकार की निधि से संचालित होती है और इसके लिए किसानों को किसी प्रकार का प्रीमियम नहीं देना पड़ता। योजना के तहत उपज दर में 20 प्रतिशत तक की कमी होने पर 7,500 रुपये प्रति हेक्टेयर तथा 20 प्रतिशत से अधिक कमी होने पर 10,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से सहायता राशि दी जाती है। हालांकि, अधिकतम दो हेक्टेयर तक की फसल के लिए ही सहायता का प्रावधान है।
सरकार की ओर से राशि सीधे किसानों के खातों में भेजे जाने से लाभुक किसानों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। मंत्री ने कहा कि किसानों के हित में सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।









