महराजगंज़।निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम सभा करमहिया स्थित पंचायत सचिवालय भवन में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर इनवर्टर और बैटरी चोरी कर ली। घटना की जानकारी सुबह सचिवालय पहुंचे पंचायत सहायक को हुई।ग्राम प्रशासक गंगोत्री देवी पत्नी घनश्याम यादव की ओर से पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, 9 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने पंचायत सचिवालय के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया और ग्राम सभा के कार्यों में उपयोग होने वाला इनवर्टर व बैटरी चोरी कर ले गए।
10 सितंबर की सुबह करीब 9:30 बजे पंचायत सहायक सर्वेश निषाद सचिवालय में कार्य करने पहुंचे तो दरवाजा टूटा मिला।
अंदर जांच करने पर इनवर्टर और बैटरी गायब मिले। घटना की सूचना ग्राम प्रशासक को दी गई, जिसके बाद पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने और चोरी हुए सामान की बरामदगी के साथ आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।









