जर्जर बिजली के पोल से हादसे का खतरा, घबराए नगरवासी, जिम्मेदार मौन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। उपनगर घुघली के वार्ड नंबर 7 में जर्जर बिजली के पोल को लेकर नगरवासियों में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। महेश अग्रवाल और वरिष्ठ अधिवक्ता सतीश श्रीवास्तव के मकान के सामने लगा बिजली का पोल काफी समय से जर्जर हालत में है। पोल की स्थिति ऐसी है कि वह कभी भी गिर सकता है। यदि पोल गिरा तो बड़ा हादसा होने की आशंका से स्थानीय लोग चिंतित हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक वार्ड नंबर 7 में एक-दो नहीं, बल्कि कई बिजली के पोल जर्जर हो चुके हैं। खास बात यह है कि जिस स्थान पर यह जर्जर पोल लगा है, उसके आसपास सप्ताह में करीब पांच दिन भव्य सब्जी बाजार भी लगता है। बाजार में बड़ी संख्या में दुकानदारों के साथ खरीदारों और राहगीरों की आवाजाही रहती है। ऐसे में जर्जर पोल के गिरने की स्थिति में जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जर्जर पोल को लेकर सोशल मीडिया पर कई बार वीडियो भी वायरल हो चुके हैं, इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

महेश अग्रवाल ने जर्जर बिजली के पोल को लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। नगरवासियों ने बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि किसी अप्रिय घटना से पहले जर्जर पोल को तत्काल हटाकर नया पोल लगाया जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे की जिम्मेदारी तय करना मुश्किल होगा।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]