फतेहपुर। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जाफरगंज थाना पुलिस की 25 हजार रुपये के इनामिया बदमाश से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, जाफरगंज थाना क्षेत्र के रूसिया मोड़ के पास पुलिस टीम की हिस्ट्रीशीटर अमित कुमार उर्फ टेनी से मुठभेड़ हुई।
बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अमित कुमार उर्फ टेनी के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के बाद आरोपी के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल बदमाश की आपराधिक गतिविधियों और उसके खिलाफ दर्ज मुकदमों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी किसी अन्य आपराधिक वारदात में शामिल था या नहीं।
मामले को लेकर एसपी फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस की कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी।









