महराजगंज। जिला मुख्यालय पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की बैठक जिला अध्यक्ष छाया भारती की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक के बाद कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय, लंबित प्रोत्साहन राशि और पोषण ट्रैकर में लागू जीपीएस व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
जिला अध्यक्ष छाया भारती ने कहा कि प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा और यूनिफॉर्म के लिए 500 रुपये की बढ़ोतरी किए जाने पर सरकार का धन्यवाद है। उन्होंने कहा कि वर्तमान घोषणा में 1500 रुपये मूल मानदेय और 2500 रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में बढ़ाए गए हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांग है कि 2500 रुपये की प्रोत्साहन राशि को भी मूल मानदेय में शामिल किया जाए, ताकि इसका नियमित रूप से हर माह भुगतान हो सके।
उन्होंने बताया कि पूर्व से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि का भुगतान भी कई जनपदों में नियमित नहीं हो पा रहा है। कई स्थानों पर राशि लंबित है, जबकि कहीं-कहीं एक-दो महीने की राशि छह महीने बाद या सालभर बाद मिलती है। इससे अधिकांश कार्यकर्ताओं को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में पोषण ट्रैकर के माध्यम से केंद्र खोलने और संचालन के लिए लागू जीपीएस व्यवस्था को भी कठिनाईपूर्ण बताया गया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या के कारण समय पर उपस्थिति दर्ज करना मुश्किल होता है। कई कार्यकर्ताओं के सामने मोबाइल रिचार्ज कराने तक की आर्थिक समस्या रहती है।
इसके अलावा विभागीय बैठकों, प्रशिक्षण, रैली, परियोजना कार्यालय और अन्य सरकारी कार्यों के लिए केंद्र से बाहर जाना पड़ता है। ऐसे में जीपीएस के कारण केंद्र संचालन की स्थिति दर्ज करने में परेशानी होती है।
कार्यकर्ताओं ने मांग की कि 2500 रुपये की प्रोत्साहन राशि को मूल मानदेय में शामिल कर नियमित भुगतान किया जाए, लंबित प्रोत्साहन राशि का शीघ्र भुगतान कराया जाए और जीपीएस व्यवस्था को लागू न किया जाए।









