देवरिया। भलुअनी थाना क्षेत्र के भलुअनी कस्बे में शुक्रवार को एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मनीष सिंह उर्फ मोनू सिंह के रूप में हुई है। वारदात के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है।
परिजनों के मुताबिक, मनीष ने हत्या से करीब 10 दिन पहले भलुअनी थाने में तहरीर देकर अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई थी। आरोप है कि तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। युवक की हत्या के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि पहले दी गई शिकायत पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
परिजनों ने चाइना अंसारी पर मनीष की हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही घटना के कारणों और युवक द्वारा पूर्व में दी गई तहरीर की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









