मकान में पीओपी का काम करते समय करंट की चपेट में आया मिस्त्री, मौत के बाद परिजनों ने लगाया जाम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मैनपुरी। शहर कोतवाली क्षेत्र के खरगजीत नगर में एक निजी मकान में पीओपी का काम करते समय करंट लगने से 22 वर्षीय मिस्त्री की मौत हो गई। मृतक की पहचान नगला कैथ निवासी आशीष के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

बताया गया कि आशीष पीओपी मिस्त्री का काम करता था। वह खरगजीत नगर में अनुज दुबे के मकान में पीओपी का कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और आसपास के लोगों ने उसे उपचार के लिए ले जाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौत हो गई। घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है।

आशीष की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजन शव को लेकर ज्योति बाईपास पहुंचे और सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खुलवाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

मृतक के पिता हरीश और भाई सुरजीत ने घटना को लेकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]