संकरी सड़क बनी काल! डोल मेला की ड्यूटी से लौट रहे दरोगा की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। रविंद्र नगर थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में सेवरही थाने पर तैनात सब इंस्पेक्टर भवानी प्रसाद पांडेय की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा दमवतिया बाईपास के पास हुआ, जहां ड्यूटी से वापस लौट रहे दरोगा की बाइक में अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि सब इंस्पेक्टर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक, सब इंस्पेक्टर भवानी प्रसाद पांडेय पडरौना में चल रहे डोल मेला की ड्यूटी में लगाए गए थे। ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह अपनी हीरो स्प्लेंडर बाइक संख्या UP51 AQ1669 से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रविंद्र नगर थाना क्षेत्र के दमवतिया बाईपास के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

सड़क पर फैली थी निर्माण सामग्री

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, सड़क के एक बड़े हिस्से पर निर्माण कार्य से संबंधित गिट्टी और बालू पड़ी हुई थी। इसके चलते सड़क का काफी हिस्सा बाधित था और वाहनों के आवागमन के लिए सीमित जगह ही बची थी। बताया जा रहा है कि इसी संकरे रास्ते से भारी वाहनों की आवाजाही भी हो रही थी। ऐसे में सामने से या पीछे से आने वाले वाहनों को निकलने में परेशानी हो रही थी। इसी दौरान दरोगा की बाइक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई।

यह मार्ग बिहार के साथ-साथ कुबेरस्थान और तुर्कपट्टी की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी महत्वपूर्ण रास्ता माना जाता है। सड़क के एक हिस्से पर निर्माण सामग्री रखे जाने को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर व्यस्त मार्ग पर इस तरह रास्ता बाधित होने के बावजूद संबंधित जिम्मेदारों की नजर क्यों नहीं पड़ी।

हादसे की सूचना से पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

हादसे की जानकारी मिलते ही रविंद्र नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की सूचना पुलिस विभाग के अधिकारियों और मृतक के परिजनों को भी दी गई। मृत सब इंस्पेक्टर भवानी प्रसाद पांडेय मूल रूप से बस्ती जनपद के नाथूपुर, पोस्ट रामनगर बठवतिया, भानपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वह वर्तमान में कुशीनगर के सेवरही थाने पर तैनात थे।

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती हादसे को अंजाम देने वाले वाहन की पहचान करना है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन कंटेनर बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों की मदद से टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाने में जुटी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे की वास्तविक परिस्थितियां और सड़क पर निर्माण सामग्री के कारण दुर्घटना पर कितना प्रभाव पड़ा, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

साजिद अंसारी पड़रौना

और पढ़ें

[the_ad id="164"]