महराजगंज। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन समाधान समिति एवं जिला उद्योग केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यशाला में 250 से अधिक युवा लाभार्थियों के साथ जनपद के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों एवं प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यशाला को दो चरणों में आयोजित किया गया। प्रथम चरण में लाभार्थियों को योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने, ऋण आवेदन प्रक्रिया और व्यवसाय प्रबंधन की जानकारी दी गई।
जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने युवाओं को उद्यम स्थापित करने और सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। प्रश्नोत्तर सत्र में लाभार्थियों ने योजना एवं ऋण प्रक्रिया से जुड़े सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों और विशेषज्ञों ने समाधान किया।
इस दौरान लाभार्थियों और बैंक प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा ऋण प्रक्रिया को सरल और प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई। सीएम युवा योजना के तीन लाभार्थियों को मुख्य विकास अधिकारी द्वारा चेक वितरित किए गए। सफल उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए सरकार, जिला उद्योग केंद्र और बैंक के प्रति आभार जताया।

द्वितीय चरण में विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों एवं प्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया गया। पूर्व बैंकर एवं विशेषज्ञ मुकेश वार्ष्णेय ने पीपीटी के माध्यम से ऋण आवेदनों के त्वरित निस्तारण, पोर्टल की तकनीकी प्रक्रिया और ऋण स्वीकृति में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की जानकारी दी। बाह्य विशेषज्ञ रनवीर सिंह चौहान ने जिला उद्योग केंद्र, समाधान समिति और बैंकों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
डिप्टी कमिश्नर इंडस्ट्रीज नीरज कुमार सिंह ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य लाभार्थियों और वित्तीय संस्थानों के बीच समन्वय मजबूत कर पात्र युवाओं को समयबद्ध एवं सुगम ऋण सुविधा उपलब्ध कराना है। इससे युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में एलडीएम भूपेंद्र मिश्रा, एसीआई राकेश कुमार जायसवाल, एसीआई गुलाब चंद गोंड, सहायक प्रबंधक अविनाश कुमार पांडेय, सीनियर असिस्टेंट दिनेश कुमार वरुणा, सीएम युवा फेलो रंजीत कुमार व गुड़िया जायसवाल तथा समाधान समिति के रीजनल कोऑर्डिनेटर अमन कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं बैंक प्रतिनिधि मौजूद रहे।









