9 दिन बाद चितवन में मिला कुशीनगर के लापता अमन का शव,कलाई पर बने टैटू से हुई शिनाख्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

कुशीनगर: नेपाल में आई भीषण जलप्रलय और बाढ़ के बाद लापता हुए कुशीनगर जिले के युवक अमन गौंड की तलाश आखिरकार एक बेहद दर्दनाक अंत के साथ खत्म हो गई। शुक्रवार को नेपाल के चितवन जिले में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों ने वहां पहुंचकर शव की पहचान अमन के रूप में की। कई दिनों तक पानी और कीचड़ में रहने के कारण चेहरा पहचानना संभव नहीं था, लेकिन कलाई पर बने खास टैटू ने उसकी पहचान पक्की कर दी।

त्रिशूली पावर प्लांट में करता था काम

कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सुधियानी गांव निवासी अमन गौंड (पुत्र सेतभान) नेपाल के त्रिशूली इलाके में स्थित एक पावर प्लांट में कार्यरत था। 26 अगस्त को नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन के बाद से वह अचानक लापता हो गया था। परिवार नौ दिनों से किसी चमत्कार की उम्मीद में दिन-रात फोन की घंटी बजने और उसके सकुशल लौटने की राह देख रहा था।

कलाई पर गुदे AG टैटू से हुई पहचान

चितवन में शव मिलने की सूचना मिलते ही अमन के पिता सेतभान और बड़े भाई दीपक तत्काल नेपाल के लिए रवाना हुए। पानी और मलबे में इतने दिन रहने के कारण शव क्षत-विक्षत हो चुका था। जब चेहरे से पहचान नहीं हो सकी, तो परिजनों ने शरीर के अन्य निशानों की पड़ताल की। इसी दौरान अमन के दाहिने हाथ की कलाई पर अंग्रेजी में गुदा ‘AG’ टैटू नजर आया, जिसे देखते ही पिता और भाई की चीख निकल पड़ी।

गांव में पसरा मातम,दो अन्य युवकों की तलाश जारी

शिनाख्त के बाद कागजी औपचारिकताएं पूरी कर शव को पैतृक गांव सुधियानी लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अमन की मौत की खबर पहुंचते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

उल्लेखनीय है कि अमन के साथ ही सुधियानी गांव के दो अन्य युवक अभय तिवारी और पंकज राजभर भी इस आपदा के बाद से लापता हैं। अमन का शव मिलने के बाद इन दोनों परिवारों की धड़कनें और बढ़ गई हैं, हालांकि परिजन और ग्रामीण अब भी दोनों के सकुशल मिलने की ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं।

 

साजिद अंसारी पड़रौना

और पढ़ें

[the_ad id="164"]