मुगलसराय पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पर्व जन्माष्टमी नगर में बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। रात्रि 12 बजे जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, मंदिरों और पूजा स्थलों पर घंटा-घड़ियाल, शंखनाद और जयकारों की गूंज सुनाई देने लगी। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की आरती कर पूजा-अर्चना की और ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारे लगाकर जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं।
जन्माष्टमी को लेकर नगर के विभिन्न मंदिरों को रंग-बिरंगी झालरों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया था। शाम से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। मध्यरात्रि में भगवान के जन्म के समय श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे भगवान के दर्शन के लिए पहुंचे।

मुगलसराय कोतवाली परिसर में भी जन्माष्टमी का आयोजन धूमधाम से किया गया। थाना प्रभारी अर्जुन प्रताप सिंह की मौजूदगी में पूजा-अर्चना और आरती हुई। इस दौरान सीओ अरुण कुमार सिंह भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा कर क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
वहीं अलीनगर थाना परिसर में भी जन्माष्टमी पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। थाना प्रभारी गगन राज सिंह सहित पुलिसकर्मियों ने पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए।
कार्यक्रम में मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल भी पहुंचे। विधायक का लोगों ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर सभी क्षेत्रवासियों को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
पूरे नगर में देर रात तक भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। श्रीकृष्ण जन्म के साथ ही श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाकर वातावरण को भक्तिमय कर दिया।
.
अशोक कुमार जायसवाल









