महराजगंज। बृजमनगंज ब्लॉक क्षेत्र के रमानाथ उमाशंकर इंटर कॉलेज फुलमनहा, लेहरा बाजार में बुधवार, 2 सितंबर को उत्तर प्रदेश सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित जीव विज्ञान प्रवक्ता अंजू सिंह ने विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। यह कार्यवाही विद्यालय प्रबंध समिति के प्रस्ताव के क्रियान्वयन के क्रम में की गई। कार्यभार ग्रहण के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य तेज प्रताप सिंह मौजूद रहे।
विद्यालय परिवार की ओर से प्रधानाचार्य टीपी सिंह ने प्रवक्ता अंजू सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की। उन्होंने सफल कार्यकाल की अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि अंजू सिंह के ज्ञान, अनुभव और समर्पण से विद्यालय के छात्र-छात्राओं को जीव विज्ञान विषय में बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन मिलेगा।
प्रधानाचार्य ने विश्वास जताया कि उनके योगदान से विद्यार्थियों की शैक्षिक समझ और विषयगत ज्ञान में वृद्धि होगी तथा विद्यालय में जीव विज्ञान विषय की शैक्षिक गुणवत्ता और बेहतर होगी। कार्यभार ग्रहण के अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।









