कसया। सपहा मार्ग स्थित नवल एकेडमी इंटर कॉलेज में बुधवार को कसया पुलिस की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपनिरीक्षक प्रियंका तिवारी के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें यातायात नियमों, साइबर अपराध से बचाव और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
उपनिरीक्षक प्रियंका तिवारी ने छात्रों को सड़क सुरक्षा के महत्व की जानकारी देते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, तेज रफ्तार से वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही साइबर अपराध से बचने के लिए अनजान लिंक पर क्लिक न करने, किसी से अपनी गोपनीय जानकारी साझा न करने और इंटरनेट का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी।
पुलिस टीम ने छात्राओं से अलग से संवाद कर स्कूल आने-जाने के दौरान होने वाली परेशानियों और असामाजिक तत्वों से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। उन्हें आपात स्थिति में पुलिस की सहायता लेने और अपनी शिकायत बेझिझक दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के बाद पुलिस टीम ने सपहा रोड पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने और दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने वालों को रोककर यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. आरएन पांडे, अनिल मिश्रा, अजीत श्रीवास्तव, राजरतन यादव, अश्विनी जायसवाल, रंभा कुशवाहा, रजनी राय सहित शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।









