कसया। डोल मेले के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर बुधवार को कसया थाने में पुलिस ने आयोजकों और डीजे संचालकों के साथ गोष्ठी की। एसपी कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन में सीओ कसया डॉ. अजय कुमार सिंह ने बैठक कर मेले को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीओ ने आयोजकों को भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा मानकों और मेला स्थल पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं, डीजे संचालकों को ध्वनि प्रदूषण संबंधी निर्धारित नियमों का पालन करने तथा तय मानकों के अनुरूप ही ध्वनि प्रसारण करने को कहा गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली स्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने आयोजकों और डीजे संचालकों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की, ताकि डोल मेला बिना किसी अप्रिय घटना के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।









