पडरौना। उत्तर प्रदेश सरकार ने आउटसोर्स कर्मियों के हितों के संरक्षण, सेवा व्यवस्था में पारदर्शिता और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के लोगो का अनावरण करने के साथ ही निगम की वेबसाइट और पोर्टल का शुभारंभ किया। प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में इसका सीधा प्रसारण किया गया।
इसी क्रम में बुधवार को कुशीनगर कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें विधायक पडरौना मनीष जायसवाल, विधायक हाटा मोहन वर्मा, उत्तर प्रदेश विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, अपर जिलाधिकारी, नगर पालिका परिषद पडरौना के अध्यक्ष विनय जायसवाल समेत प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बताया गया कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से आउटसोर्स कर्मियों को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और सुरक्षित सेवा व्यवस्था उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। निगम के पोर्टल के जरिए संबंधित विभाग, सेवा प्रदाता एजेंसी और कर्मियों को एकीकृत डिजिटल व्यवस्था से जोड़ा जाएगा।
इससे भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता के साथ कर्मचारियों से संबंधित सेवा विवरण और अन्य जरूरी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध हो सकेगी। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान आउटसोर्स कर्मियों के मानदेय, ईपीएफ, ईएसआईसी, सेवा सुरक्षा, प्रशिक्षण और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।
सरकार की ओर से कर्मियों को समयबद्ध मानदेय और सामाजिक सुरक्षा का लाभ सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि आउटसोर्स कर्मी शासकीय व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। स्वास्थ्य सेवाओं, नगरीय निकायों, सफाई व्यवस्था समेत विभिन्न विभागों में वह महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। नई व्यवस्था के जरिए उनके सेवा हितों और सामाजिक सुरक्षा को और प्रभावी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।









