महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र में आगामी क्षेत्र पंचायत चुनाव को लेकर सोशल मीडिया पर महिला प्रत्याशी की पोस्ट पर अभद्र टिप्पणी करना और कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देना दो लोगों को भारी पड़ा। पीड़िता की तहरीर पर बृजमनगंज पुलिस ने वर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि समेत दो आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
भाजपा नेत्री कुसुम प्रजापति पत्नी गौरीशंकर निवासी महुलानी खास ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने 26 अगस्त को आगामी क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने के संबंध में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। आरोप है कि पोस्ट देखने के बाद वर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि विवेक चौहान पुत्र सीताराम निवासी खुशियालजोत ने उनकी फोटो पर अभद्र टिप्पणी की और उसे व्हाट्सएप के माध्यम से अपने परिचित जवाहिर पुत्र जानेन्द्र बहादुर निवासी अवध नगर को भेज दिया।
पीड़िता के मुताबिक, 28 अगस्त को वह मामले के संबंध में पूछताछ करने आरोपियों के गांव गई थीं। आरोप है कि गांव के बाहर विवेक चौहान और जवाहिर मिले और बातचीत के दौरान दोनों ने उनके साथ गाली-गलौज की तथा चुनाव नहीं लड़ने देने की धमकी दी। साथ ही उनके चरित्र को लेकर भी कथित रूप से आपत्तिजनक बातें की गईं।
तहरीर के आधार पर बृजमनगंज पुलिस ने 2 सितंबर 2026 को विवेक चौहान और जवाहिर के खिलाफ बीएनएस की धारा 79, 351(3), 352 समेत संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।









