पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। जिले में लगातार हुई बारिश और बांधों से छोड़े गए पानी के चलते उत्पन्न बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग बुधवार को बबुरी क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने चंद्रप्रभा नदी और पड़्या स्थित गढ़ई नदी का स्थलीय निरीक्षण कर जलस्तर, जलभराव और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता (चंद्रप्रभा) सहित संबंधित अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि दोनों नदियों का जलस्तर अब तेजी से घट रहा है। बांधों से पानी का डिस्चार्ज भी कम कर दिया गया है। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि जलस्तर में लगातार गिरावट के चलते जल्द ही क्षेत्र की स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलस्तर घटने के बावजूद सभी अधिकारी पूरी तरह सतर्क रहें और प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते रहें। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रत्येक प्रभावित ग्रामीण और किसान तक समय से राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
डीएम ने जलभराव वाले क्षेत्रों में दवा का छिड़काव, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था तथा फसलों को हुए नुकसान का पारदर्शी सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी ग्रामीण अथवा किसान को परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारी क्षेत्र में सक्रिय रहकर समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी के मौके पर पहुंचकर स्थिति की समीक्षा करने से ग्रामीणों और किसानों में राहत की उम्मीद जगी। ग्रामीणों ने जलभराव से प्रभावित फसलों का जल्द सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। प्रशासन की ओर से नियमानुसार सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया गया।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी, सिंचाई विभाग के अभियंता तथा स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
अशोक कुमार जायसवाल









