तमकुहीराज, कुशीनगर। राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य फुलबदन कुशवाहा के मंगलवार को तमकुहीराज तहसील में जनसमस्याओं की सुनवाई के लिए पहुंचने से पहले ही तहसील मुख्यालय पर सैकड़ों की संख्या में लोग एकत्र हो गए। दोपहर करीब 12:30 बजे अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच एक फरियादी अर्धनग्न अवस्था में पहुंचा, जबकि उसके साथ मौजूद सभी लोग सामान्य कपड़ों में थे। प्रदर्शनकारियों ने आयोग के सदस्य को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।
फरियादी रामआशीष पुत्र गुलाबभगत, निवासी अटलनगर, सेराजनगर, थाना सेवरही ने सदस्य फुलबदन कुशवाहा को संबोधित ज्ञापन में आरोप लगाया कि तहसील प्रशासन उनकी शिकायतों के निस्तारण में भेदभावपूर्ण रवैया अपना रहा है। उनका कहना था कि कई मामलों में बिना निष्पक्ष जांच के गलत अथवा भ्रामक रिपोर्ट लगाकर शिकायतों का निस्तारण कर दिया जाता है, जिससे उन्हें लगातार न्याय से वंचित होना पड़ रहा है।
ज्ञापन में गाटा संख्या 450 से जुड़े विवाद की निष्पक्ष जांच, गाटा संख्या 1447 (रास्ता) एवं 1033 (खलिहान) पर कथित अतिक्रमण हटाने, गाटा संख्या 437 को कथित रूप से गिरवी रखने के मामले की जांच तथा संरक्षित कुएं में गंदा पानी डालकर प्रदूषित किए जाने के मामले में कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग उठाई गई।
फरियादी ने दावा किया कि वह जनसुनवाई पोर्टल पर 100 से अधिक बार तथा मुख्यमंत्री जनता दर्शन में 15 से अधिक बार शिकायत कर चुका है, लेकिन अब तक उसकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि तहसील प्रशासन द्वारा उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है और शिकायतों पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की जा रही।
प्रदर्शन के बाद आयोग के सदस्य फुलबदन कुशवाहा को ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने एसडीएम कुणाल गौरव को दो दिन के अंदर समस्या के समाधान कराकर अवगत कराने का निर्देश दिया है।









