नगरपालिका परिषद सिसवा बाजार के वार्ड नंबर 10 विस्मीनगर (छदई छपरा) का मुख्य मार्ग इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। घुघली, बरवा द्वारिका और पिपरिया जैसे प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ने वाला यह बेहद महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुका है, जिससे रोजाना आवागमन करने वाले हजारों लोगों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह सड़क पिछले काफी समय से जर्जर स्थिति में है। बारिश के मौसम में इन गहरे गड्ढों में जलजमाव हो जाने से सड़क और गड्ढे का अंतर खत्म हो जाता है। सबसे बुरा असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है; पानी भरे गड्ढों के कारण आए दिन बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे उनके चोटिल होने और कपड़े खराब होने का डर हमेशा बना रहता है।
क्षेत्रीय नागरिक शिव नाथ, अरविंद यादव, प्रहलाद, अर्जुन, अखिलेश, अंश यादव, कैलाश और भीम वशिष्ठ गौड़ ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए बताया कि इस मार्ग से गुजरना किसी जोखिम से कम नहीं है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों और प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और नगरपालिका से मांग की है कि समस्या की गंभीरता को देखते हुए इस मुख्य मार्ग का जल्द से जल्द निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को इस नारकीय स्थिति से मुक्ति मिल सके।
रिपोर्टर अरुणेश कुमार गुप्त









