बरेली। भोजीपुरा थाना पुलिस ने ऑटो लूट की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया ऑटो रिक्शा यूपी 25 जेटी 0829, एक तमंचा 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस और आधार कार्ड की रंगीन प्रति बरामद की है। मामले में तीसरा आरोपी शिवम उर्फ डब्बीलाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
एसपी उत्तरी मुकेश चंद मिश्र ने प्रेसवार्ता में बताया कि 27 अगस्त को सुभाषनगर निवासी सग्गन पुत्र मक्खन सिंह ने भोजीपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि तीन युवकों ने मारपीट कर उसका ऑटो लूट लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
प्रभारी निरीक्षक कुँवर बहादुर सिंह के निर्देशन में गठित टीम ने शनिवार तड़के सेमीखेड़ा-बरौर मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास से विशाल उर्फ छोटू और भारत रत्न, निवासी सेमीखेड़ा थाना देवरनिया, को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बेरोजगारी के चलते नशे, मौज-मस्ती और गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने के लिए पैसों की जरूरत थी। इसी के चलते तीनों ने ऑटो लूट की योजना बनाई। आरोपियों ने सिटी स्टेशन से जादौपुर जाने के लिए ऑटो बुक किया और सुनसान रास्ते में चालक पर लोहे के बाट से हमला कर गमछे से गला दबाया। इसके बाद चालक को सड़क किनारे छोड़कर ऑटो लेकर फरार हो गए और उसे दुकानों में छिपा दिया।पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है









