नेपाल त्रासदी में कुशीनगर का सुनील गौड़ लापता, 4 बच्चों की टिकी पिता की राह पर निगाहें

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर; के हाटा कोतवाली क्षेत्र के पिपरा तिवारी गांव में नेपाल त्रासदी के बाद एक परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। गांव के रहने वाले 38 वर्षीय सुनील गौड़ नेपाल के त्रिशूली-1 हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में स्टोर कीपर के पद पर काम करते हैं। आपदा के बाद से उनका परिवार उनसे संपर्क नहीं कर पा रहा है। नेपाल दूतावास की मिसिंग सूची में भी सुनील का नाम दर्ज होने की बात सामने आई है।

सुनील की पत्नी रेखा देवी ने बताया कि 25 अगस्त की शाम पति से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद 26 अगस्त से उनका मोबाइल बंद है और लगातार संपर्क करने की कोशिश के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिल रही है। परिवार का कहना है कि सुनील के साथ काम करने वाले अन्य कर्मचारियों के नंबरों पर भी संपर्क नहीं हो पा रहा है।

सुनील के पिता सूरज गौड़ दरवाजे पर बैठकर बेटे के लौटने का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि नेपाल में आई त्रासदी के बाद से बेटे की कोई खबर नहीं मिली है। परिवार ने हाटा कोतवाली में सुनील के लापता होने की तहरीर भी दी है। वहीं नेपाल में रहने वाले रिश्तेदारों और बचाव दलों को सुनील का आधार कार्ड और फोटो भेजकर अस्पतालों तथा घायलों की सूची में भी तलाश करने का अनुरोध किया गया है।

सुनील की पत्नी अपने चार बच्चों के साथ पति की राह देख रही हैं। बच्चों की निगाहें हर वक्त घर के दरवाजे और रास्ते पर टिकी हैं। 13 वर्षीय बेटे कुलदीप ने बताया कि पापा नेपाल में पावर प्लांट में काम करते थे। आखिरी बार जब बात हुई थी, तब वह स्कूल में था। इसके बाद से पिता से संपर्क नहीं हो पाया।
परिजनों के मुताबिक सुनील हाल ही में घर आए थे और बच्चों की पढ़ाई को लेकर कई सपने संजोए थे। उन्होंने जून तक वापस आने की बात कही थी। लेकिन नेपाल में आई आपदा ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
वहीं पूरे गांव में सुनील के लापता होने की चर्चा है। ग्रामीण और रिश्तेदार अपने स्तर से भी जानकारी जुटाने में लगे हैं। सभी को उम्मीद है कि सुनील सुरक्षित होंगे और जल्द ही घर लौटेंगे। फिलहाल परिवार की नजरें हर आने-जाने वाले रास्ते पर टिकी हुई हैं।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]