गोण्डा। गोण्डा जंक्शन पर रविवार को ट्रेन संख्या 15203 के प्लेटफॉर्म पर पहुंचने के दौरान एक यात्री अचानक ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिरकर फंस गया। हादसा होते ही प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिरकर फंस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद घायल यात्री काफी देर तक प्लेटफॉर्म पर दर्द से कराहता रहा। आरोप है कि उसे तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी। करीब 20 से 25 मिनट बाद रेलवे का चिकित्सा दल मौके पर पहुंचा। चिकित्सा दल ने घायल यात्री को प्राथमिक उपचार दिया, इसके बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद यात्रियों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में घायल यात्री को प्लेटफॉर्म पर दर्द से परेशान देखा जा सकता है।
घटना के बाद गोण्डा जंक्शन की आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था और यात्रियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। यात्रियों का कहना है कि रेलवे स्टेशन पर किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता मिलना बेहद जरूरी है। ऐसे में चिकित्सा दल के पहुंचने में कथित देरी को लेकर जिम्मेदार व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
हालांकि, घटना को लेकर रेलवे प्रशासन की ओर से आधिकारिक रूप से क्या कार्रवाई की गई और चिकित्सा दल को पहुंचने में देरी क्यों हुई, इसकी जानकारी सामने नहीं आ सकी है।









