कुशीनगर। नारायणी नदी पर बना कुशीनगर का पनियहवा पुल उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग होने के साथ-साथ अपनी खूबसूरती और ऐतिहासिक महत्व के लिए भी जाना जाता है। हालांकि इन दिनों पुल और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
सोशल मीडिया पर करीब 36 सेकंड का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें तीन युवक पुल के नीचे बचे एप्रोच वाले हिस्से पर खड़े होकर बीयर की बोतल से शराब पीते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में जिस स्थान पर युवक नजर आ रहे हैं, उसके आसपास नारायणी नदी का पानी और तेज बहाव दिखाई दे रहा है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
बताया जा रहा है कि इन दिनों नारायणी नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और नदी क्षेत्र को लेकर प्रशासन की ओर से सतर्कता बरती जा रही है। इसके बावजूद युवकों का खतरनाक स्थान पर पहुंचकर शराब पीना चिंता का विषय है।
मामला केवल शराबखोरी तक सीमित नहीं है। पनियहवा पुल के आसपास सेल्फी और रील बनाने के लिए लोग जोखिम भरे स्थानों तक पहुंच रहे हैं। रेलवे ट्रैक पर भी रील बनाए जाने की तस्वीरें सामने आने की बात कही जा रही है। रेलवे लाइन पर इस तरह पहुंचना जानलेवा साबित हो सकता है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि दो पुलिस चौकियों के बीच स्थित पनियहवा पुल पर निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी है? पुल के एक तरफ पनियहवा पुलिस चौकी और दूसरी तरफ सलीकपुर चौकी होने के बावजूद लोग पुल के नीचे और अन्य संवेदनशील स्थानों तक पहुंच रहे हैं।
नदी का जलस्तर बढ़ने के दौरान प्रशासन को ऐसे संवेदनशील स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ाने, लोगों को खतरनाक स्थानों पर जाने से रोकने और पुल-रेलवे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है।
वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित वीडियो के आधार पर प्रशासन से मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा है।









