कानपुर देहात। रनियां थाना क्षेत्र में 25 अगस्त को हुई गोकशी की घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन कथित आरोपियों को घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, रविवार को सचेंडी-रनियां मार्ग पर चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि पीछे बैठे दोनों युवकों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सलमान और फजल घायल हो गए, जबकि स्कूटी चला रहे इरफान को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस और गोकशी में इस्तेमाल किए जाने वाले हथियार बरामद किए गए हैं। कार्रवाई मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई।
घटना के खुलासे के लिए रनियां थाना पुलिस के साथ एसओजी-सर्विलांस टीम तथा अकबरपुर और रूरा पुलिस की टीमें लगाई गई थीं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले में अन्य तथ्यों व आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
रिपोर्ट: उत्कर्ष सिंह









