बरेली में रक्षाबंधन समारोह में भगदड़, महिला की मौत से मचा हड़कंप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र की सतीपुर कॉलोनी में आयोजित रक्षाबंधन मिलन समारोह के दौरान भगदड़ मचने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान सतीपुर कॉलोनी निवासी मधु के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि महिलाओं के लिए महापौर उमेश गौतम और उनके पुत्र पार्थ गौतम की ओर से रक्षाबंधन मिलन समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंची थीं। इस दौरान महापौर और उनके पुत्र महिलाओं से राखी बंधवाकर उपहार वितरित कर रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उपहार लेने और राखी बंधवाने के दौरान अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया। देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति बन गई। कई महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिर गईं। इसी दौरान मधु भीड़ में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद उन्हें तत्काल एंबुलेंस से मिशन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला का शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं। महिला की मौत की पूरी परिस्थितियों और भगदड़ के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

रिपोर्ट: आसिफ अली | बरेली

और पढ़ें

[the_ad id="164"]