बारिश के बाद सड़क बनी जलाशय, पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीण परेशान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

खड्डा, कुशीनगर। खड्डा विकासखंड के ग्राम सभा तुर्कहा में बारिश के बाद जलजमाव की समस्या गंभीर हो गई है। थोड़ी सी बारिश होते ही पीडब्ल्यूडी की सड़क पानी से पूरी तरह भर जाती है, जिससे राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्राम सभा में मस्जिद के पास और राजकीय इंटर कॉलेज को जोड़ने वाली सड़क पर भारी जलजमाव देखने को मिल रहा है। सड़क पर पानी जमा होने के कारण लोगों को इसी पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि यहां बारिश के पानी की निकासी के लिए अभी तक कोई सुचारू व्यवस्था नहीं की गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि हर बार बारिश के बाद यही स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने से समस्या जस की तस बनी हुई है। सड़क पर लंबे समय तक पानी जमा रहने से सड़क खराब होने के साथ-साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था कराकर सड़क पर होने वाले जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]