सिद्धार्थनगर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जिला मुख्यालय स्थित महंत अवैद्यनाथ सभागार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर की सैकड़ों महिलाओं और बच्चियों ने डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल को राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया।
इस अवसर पर सांसद जगदंबिका पाल ने जिलेवासियों को रक्षाबंधन की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व है। उन्होंने कहा कि उनका पूरा परिवार बाहर है, लेकिन वह यहां मौजूद सभी बहनों को अपना परिवार मानते हैं, इसलिए रक्षाबंधन के अवसर पर उनके साथ समय बिताने पहुंचे हैं।
सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को विशेष सौगात दी है। परिवहन विभाग की बसों में महिलाओं को निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान सांसद ने महिलाओं और बच्चियों को मिठाई एवं उपहार भेंट कर उनका सम्मान किया। इस दौरान रक्षाबंधन को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
रिपोर्टर — प्रदीप शर्मा, सिद्धार्थनगर









