तमकुहीराज थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग (NH727B) पर शुक्रवार को दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक युवती समेत चार लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को घटना की सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सवार अनुराग शर्मा (16 वर्ष), प्रिंस शर्मा (17 वर्ष) और सुशीला शर्मा (22 वर्ष), निवासी कोठा, थाना भाटपाररानी, जनपद देवरिया, राखी के अवसर पर तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बसडीला गुनाकर गांव स्थित अपनी बहन के घर जा रहे थे। इसी दौरान दूसरी बाइक पर सवार ज्ञानी चौहान और गोविंद, निवासी कोइसा खुर्द, थाना कटेया, जिला गोपालगंज (बिहार), तमकुहीराज से अपने गांव लौट रहे थे।
गाजीपुर इंटर कॉलेज के सामने NH727B पर दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। कुछ घायलों को टैम्पू के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तमकुहीराज पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल ज्ञानी चौहान को सरकारी एम्बुलेंस से अस्पताल लाया गया।
चिकित्सकों के अनुसार, ज्ञानी चौहान का एक पैर टूट गया है और उनके सिर में गंभीर चोट आई है। वहीं अनुराग शर्मा और सुशीला शर्मा के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, जिससे उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। हादसे में गोविंद और प्रिंस शर्मा को भी चोटें आई हैं।
सीएचसी तमकुहीराज में चिकित्सक डॉ. मजहर आलम और फार्मासिस्ट अनुराग सिंह ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल सुशीला शर्मा, अनुराग शर्मा और ज्ञानी चौहान को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना घायलों के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।









