नेपाल की बाढ़ की तबाही के बाद नारायणी नदी में दिखे शव, खड्डा में मचा हड़कंप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

खड्डा, कुशीनगर। नेपाल में आई बाढ़ और तबाही के बाद अब उसका खौफनाक असर नारायणी नदी में भी देखने को मिल रहा है। माना जा रहा है कि नेपाल में बाढ़ की चपेट में आकर जान गंवाने वाले लोगों के शव नदी की धारा में बहकर खड्डा क्षेत्र तक पहुंच रहे हैं। गुरुवार को खड्डा तहसील क्षेत्र के मदनपुर ठोकर नंबर-3 के पास नारायणी नदी में कई शव दिखाई देने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया।

नदी में शव दिखाई देने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते ठोकर नंबर-3 के आसपास सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोग नदी की धारा में शवों को देखकर सहम गए।

सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी खड्डा और खड्डा थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और SDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। SDRF की टीम एंबुलेंस और नाव के साथ घटनास्थल पर पहुंची और शवों को नदी से निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

नदी का पानी कम होने के कारण एक शव बालू में फंसकर किनारे आ गया था, जिसे SDRF और पुलिस की मौजूदगी में कब्जे में लेने की कार्रवाई की गई। वहीं, नदी की धारा में बह रहे दूसरे शव को SDRF की टीम ने नाव के जरिए पीछा कर अपने कब्जे में लिया।

 

मौके पर मौजूद ग्रामीणों के मुताबिक, नदी की तेज धारा में और भी शव बहते हुए दिखाई दिए हैं। ऐसे में SDRF की टीम लगातार नदी में निगरानी और रेस्क्यू अभियान चला रही है, ताकि बहकर आने वाले अन्य शवों को भी सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

नेपाल से आई बाढ़ के बाद नारायणी नदी में शवों के मिलने की घटना ने सीमावर्ती इलाकों के लोगों को झकझोर दिया है। नदी किनारे बसे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग लगातार नदी की ओर नजर बनाए हुए हैं।

फिलहाल पुलिस और SDRF की टीम शवों को कब्जे में लेकर उनकी पहचान कराने तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई में जुटी है। शवों की वास्तविक संख्या और उनकी पहचान के संबंध में प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]