विकास खंड निचलौल अंतर्गत विसोखोर स्थित सीबीएस पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने गुरुवार को झुलनीपुर स्थित एसएसबी (सीमा सुरक्षा बल) कैंप पहुंचकर रक्षाबंधन का त्योहार अत्यंत उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्राओं ने देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात एसएसबी के जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र (राखी) बांधकर उनके लंबे और सुखी जीवन की कामना की। जवानों ने भी बच्चों को दुलारते हुए उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया और उपहार भेंट किए।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक अरुण कुमार पांडेय ने रक्षाबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों का सर्वांगीण और बौद्धिक विकास होता है। साथ ही उन्हें हमारे सांस्कृतिक त्योहारों की परंपराओं, सामाजिक सरोकारों और देश की सेवा में लगे जवानों के त्याग व समर्पण के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य मानव मेहता सहित अध्यापक शिवानी, शालिनी, नागेश्वर एवं एसएसबी कैंप के जवान व अधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
रिपोर्टर अरुणेश कुमार गुप्त









