लखनऊ। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने सोमवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय पर प्रेस वार्ता कर केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगाते हुए प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए।
राजेंद्र पाल गौतम ने आरोप लगाया कि प्रशासन चेहरा देखकर कार्रवाई करता है। उन्होंने सवाल किया कि यदि विधानसभा अध्यक्ष पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप है तो उनके खिलाफ एफआईआर क्यों नहीं दर्ज की गई।
कांग्रेस नेता ने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और भाजपा पर आरक्षण विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री आरक्षण का विरोध कर रहे आंदोलनकारियों के साथ प्रेस वार्ता कर रहे हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि भाजपा आरक्षण विरोधी है। उन्होंने 68 हजार नौकरियों में ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित पदों को लेकर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि आरक्षित पदों के बावजूद सीटों को सामान्य वर्ग से भरा गया।
सावन में आयोजित मछली भोज को लेकर पूछे गए सवाल पर गौतम ने कहा कि आयोजन निषाद समाज का था और मछली उनका मुख्य भोजन है, इसलिए ऐसे आयोजन में शामिल होने में कोई गुरेज नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक ताना-बाना बरकरार रहना चाहिए।
उन्होंने भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के नवरात्र के दौरान मांसाहार से जुड़े मुद्दे और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सावन में मछली भोज में शामिल होने को लेकर भी सवाल उठाए।
महंगाई के मुद्दे पर राजेंद्र पाल गौतम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चीनी के पर्याप्त स्टॉक वाले बयान का हवाला देते हुए सवाल किया कि यदि प्रदेश में चीनी का भरपूर स्टॉक है तो इसकी कीमत 70 रुपये प्रति किलो तक क्यों पहुंच गई है। उन्होंने सरकार से महंगाई और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर जवाब देने की मांग की।









