जर्जर दीवार गिरने से छह साल के मासूम की मौत, घर में मचा कोहराम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पड़रौना। कुशीनगर जिले के पड़रौना कोतवाली क्षेत्र के चिरईहवा गांव के सोनार टोला में शनिवार को जर्जर दीवार गिरने से छह वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

चिरईहवा सोनार टोला निवासी अकबर उर्फ गोबरी का छह वर्षीय पुत्र आबिद शनिवार को स्कूल से पढ़ाई कर घर लौटा था। घर पर बैग रखने के बाद वह हैंडपंप के पास पानी पीने गया। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने पर उसने सहारे के लिए पास की जर्जर दीवार पकड़ ली। दीवार पहले से कमजोर थी और अचानक भरभराकर मासूम के ऊपर गिर गई।

हादसे में आबिद गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे महदेवा चौराहे पर एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उसे मेडिकल कॉलेज स्थित जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

आबिद अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार में अब दो बेटियां हैं। मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए देर शाम शव को दफना दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर पड़रौना सदर के उपजिलाधिकारी राजीव निगम पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने शासन की योजनाओं के तहत नियमानुसार हर संभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]