मान सरोवर में डूबने से महिला की मौत, गांव में मातम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

निचलौल/महराजगंज। ग्राम माधव नगर तुरकहिया में शनिवार को मान सरोवर में डूबने से एक महिला की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी रतनी, पत्नी स्वर्गीय हीरामन भारती, शनिवार को शौच के लिए मान सरोवर के पास गई थीं। बताया जा रहा है कि सरोवर के किनारे पहुंचने के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया, जिससे वह असंतुलित होकर गहरे पानी में जा गिरीं। महिला के पानी में गिरने की जानकारी आसपास मौजूद लोगों को हुई तो ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और उन्हें पानी से बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।

ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद महिला को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। महिला का शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाया।

घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों और पुलिस को दे दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद ग्रामीणों में भी गम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सरोवर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और सावधानी के लिए जरूरी इंतजाम किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]