महराजगंज, जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डूडा एवं नगरीय निकायों की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। डीएम ने योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में लक्ष्य के सापेक्ष कम आवेदन मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने सिसवा नगर पालिका में प्रतिदिन 100, नौतनवा और महराजगंज नगर पालिका में 50-50 तथा सभी नगर पंचायतों में 25-25 आवेदन कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्वनिधि पोर्टल पर लक्ष्य और उपलब्धि की सूचना नियमित अपलोड करने को कहा।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0, मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना, मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना और वैश्विक नगरोदय समेत अन्य योजनाओं की समीक्षा की गई। पीएम आवास योजना-शहरी 1.0 के ऐसे लाभार्थियों से वसूली के लिए आरसी जारी करने के निर्देश दिए गए, जिन्होंने पहली किस्त लेने के बावजूद निर्माण शुरू नहीं कराया है।
डीएम ने एक सप्ताह में योजनाओं के स्थलीय निरीक्षण की फोटोयुक्त आख्या मांगी और अपूर्ण निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम डॉ. प्रशांत कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।









