निचलौल-महराजगंज मार्ग पर शुक्रवार शाम एक भीषण और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बाइक की चेन में दुपट्टा फंस जाने से 42 वर्षीय महिला का गला कस गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम बढ़ईपूरवा की रहने वाली रीता (42 वर्ष) अपने बेटे अमन के साथ बाइक पर सवार होकर महराजगंज की तरफ से वापस अपने घर लौट रही थीं। जैसे ही वे दमकी गांव के पास पहुंचे, अचानक रीता का दुपट्टा चलती बाइक की चेन में उलझ गया।
देखते ही देखते दुपट्टे का फंदा गले पर कस गया और दम घुटने से महिला की मौके पर ही तड़प-तड़पकर जान चली गई।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और महिला को निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही निचलौल सीएचसी पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस दर्दनाक घटना को लेकर शोक की लहर दौड़ गई है
रिपोर्टर अरुणेश कुमार गुप्त









